संघटन सृजन अभियान के प्रशिक्षण शिविर का समापन, जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर हुए शामिल
मनेंद्रगढ़। संगठन सृजन अभियान के तहत अंबिकापुर में आयोजित सरगुजा संभाग के ब्लॉक अध्यक्षों एवं प्रशिक्षकों के चौथे चरण के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इसमें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं प्रशिक्षकों ने सहभागिता की।
जिले से मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, मनेंद्रगढ़ ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष रामनरेश पटेल, चिरमिरी ब्लॉक अध्यक्ष शिवांश जैन, खड़गवां ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर कमरों, जनकपुर ब्लॉक अध्यक्ष
अंकुर सिंह, कोटाडोल ब्लॉक अध्यक्ष रामू सिंह तथा मास्टर ट्रेनर के रूप में जय प्रकाश साहू एवं सुभाष दास शामिल हुए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला। पार्टी के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन के प्रति निष्ठा और अनुशासन के साथ कार्य करने की अपेक्षा है। संगठन विरोधी गतिविधियों की स्थिति में पार्टी के नियमानुसार संगठनात्मक कार्रवाई का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि आगामी टिकट वितरण में संगठन के प्रति सक्रियता, निरंतर कार्य और जमीनी स्तर पर योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दिए जाने पर भी जोर दिया गया है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।
मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सौरव मिश्रा ने कहा कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का अनुभव बहुत अच्छा और सीखने वाला रहा। इस दौरान वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिला तथा शीर्ष नेतृत्व का आशीर्वाद और सहयोग प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में मिले मार्गदर्शन को संगठनात्मक कार्यों में उपयोग करते हुए संगठन को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा, साथ ही संगठन के प्रति सक्रिय साथियों को आगे बढ़ाने का काम किया जायेगा।
शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, श्री अमरजीत भगत एवं डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, प्रभारी महामंत्री श्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक श्री विनय जायसवाल एवं पूर्व विधायक श्री गुलाब कमरों सहित वरिष्ठ नेता एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनर को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
राजेश सिन्हा,8319654988

