विधायक रेणुका सिंह के कर कमलों से छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, साइकिल पाकर खिले चेहरे
एमसीबी। नगर पंचायत खोंगापानी स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को कक्षा 9वीं की छात्राओं के लिए निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह ने छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरित की। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने भी सरकार की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक रेणुका सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए शिक्षा की राह को आसान बनाना है, ताकि आर्थिक या भौगोलिक कठिनाइयां उनकी पढ़ाई में बाधा न बनें।
विधायक ने शिक्षकों से कहा कि वे विद्यार्थियों में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करें। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा उनकी पढ़ाई में निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज की छात्राएं ही कल के समाज और राष्ट्र का नेतृत्व करेंगी। इसलिए प्रत्येक बेटी को अच्छी शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना आवश्यक है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ललिता यादव, विधायक प्रतिनिधि धीरेन्द्र विश्वकर्मा, विनोद गुप्ता, प्रदीप वर्मा, भाजपा नेता सरजू यादव ,भाजपा हसदेव मंडल अध्यक्ष बबीता सिंह, मंडल महामंत्री भगवान दास,जिला शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावकगण सहित नगर के जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
निःशुल्क साइकिल मिलने के बाद छात्राओं ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि साइकिल से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और पढ़ाई के लिए समय भी बचेगा। अभिभावकों ने भी इसे बेटियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
राजेश सिन्हा, 8319654988
