केल्हारी सड़क हादसा: मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग, सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश गुप्ता ने उठाई आवाज
मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर 6 लोगों की मौत से शोक की लहर, सहायता राशि को बताया अपर्याप्त
एमसीबी :- मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है। अपनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।
इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि इस कठिन घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवारों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री से 25-25 लाख रुपये मुआवजे की मांग
सांसद प्रतिनिधि ओम प्रकाश गुप्ता ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मांग की है कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
उन्होंने कहा कि हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके लिए यह अपूरणीय क्षति है। ऐसे समय में सरकार को पीड़ित परिवारों की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सहायता प्रदान करनी चाहिए।
ओम प्रकाश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में घोषित सहायता राशि इस बड़ी क्षति के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए सहायता राशि बढ़ाकर प्रत्येक मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये देने की मांग की है।
पीड़ित परिवारों को मिले उचित सहायता
सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ा जाना चाहिए। सरकार को आगे आकर प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि वे इस कठिन समय में कुछ राहत महसूस कर सकें।
केल्हारी सड़क हादसे में हुई मौतों ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा राशि बढ़ाने की मांग उठाई गई है। इस मांग पर राज्य सरकार का क्या रुख रहता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
रिपोर्ट: राजेश सिन्हा
