SIR 2026 में मतदाता सूची की बड़ी चूक, केल्हारी के दीपू का नाम बदलकर दर्ज हुआ ‘तुर्राटोला’
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, कहा– एक पंचायत में यह हाल तो पूरे जिले की जांच होनी चाहिए
मनेंद्रगढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत प्रकाशित मतदाता सूची में नाम दर्ज करने को लेकर एक चौंकाने वाली विसंगति सामने आई है। ग्राम केल्हारी निवासी दीपू, पिता सजनलाल का नाम मतदाता सूची में ‘दीपू’ के स्थान पर ‘तुर्राटोला’ दर्ज कर दिया गया है। इस मामले ने निर्वाचन विभाग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची की शुद्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामले को लेकर भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने निर्वाचन विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर मतदाता सूची तैयार करने के दौरान ऐसी गंभीर गलती कैसे हो गई? क्या नामों का सत्यापन किए बिना ही मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई? जब संबंधित व्यक्ति का नाम दीपू है, तो मतदाता सूची में उसका नाम ‘तुर्राटोला’ कैसे दर्ज हो गया?
गुलाब कमरो ने सवाल किया कि ऐसी स्थिति में संबंधित मतदाता अपनी पहचान के आधार पर मतदान कैसे कर पाएगा? इस गंभीर त्रुटि की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य टंकण त्रुटि नहीं, बल्कि मतदाता की पहचान से जुड़ा गंभीर मामला है, जो निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करता है।
पूर्व विधायक ने कहा कि जब एक पंचायत में मतदाता सूची की ऐसी स्थिति सामने आ रही है, तो पूरे जिले की मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। जांच में यदि अन्य स्थानों पर भी ऐसी गड़बड़ियां मिलती हैं, तो उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए।
गुलाब कमरो ने राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि सामने आया यह मामला उन आशंकाओं को और गंभीर बनाता है।
उन्होंने निर्वाचन विभाग से मांग की कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए, संबंधित मतदाता के नाम में तत्काल सुधार किया जाए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब मतदाता सूची में किसी व्यक्ति का नाम ही बदलकर दर्ज हो जा रहा है, तो मतदाता सूची की शुद्धता और मतदाताओं के अधिकारों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
खबर जागरण (न्यूज देश की आवाज)
