कोरिया की शानदार जीत: बस्तर को 6 विकेट से हराया, टीम का दमदार प्रदर्शन
आबिद अली ने शानदार 105 रन बनाए और कुश चावड़ा ने 4 विकेट हासिल किया
एमसीबी,कोरिया। 14 व 15 अप्रैल को खेले गए रोमांचक मुकाबले में कोरिया जिला क्रिकेट टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बस्तर जिला को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए बस्तर की टीम कोरिया के घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं पाई और पहली पारी में महज 105 रन पर सिमट गई। कोरिया की ओर से कुश चावड़ा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि अथर्व सिंह ने 3 विकेट हासिल किए। स्वाभिमान और आशीष ने भी 1-1 विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
जवाब में कोरिया टीम ने संयम और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। पहली पारी में 161 रन बनाकर टीम ने महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इस दौरान आबिद अली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 रन नाबाद बनाए, जो मैच का अहम आकर्षण रहा। कुश चावड़ा ने भी 15 रन का योगदान दिया।
दूसरी पारी में बस्तर की टीम फिर दबाव में नजर आई और केवल 87 रन ही बना सकी। कोरिया की ओर से अथर्व सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं कुश चावड़ा और आबिद अली ने 2-2 विकेट तथा स्वाभिमान ने 1 विकेट लिया।
इस तरह कोरिया को जीत के लिए 32 रनों का आसान लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के बाद जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष गुरमीत सिंह, सचिव आशीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमित चावड़ा सहित वरिष्ठ कोच विनोद जायसवाल, संजय सिंह, रमणीक सिंह रैना और अखंड सिंह ने टीम को जीत की बधाई दी और आगामी मैचों के लिए शुभकामनाएं दीं।
टीम के साथ मैनेजर के रूप में शारदा मरावी एवं कोच किशन केवट की भूमिका भी सराहनीय रही।
कोरिया टीम का अगला मुकाबला कांकेर जिला से 17 व 18 अप्रैल को खेला जाएगा, जिसमें टीम जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।


