संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने कांग्रेस की रणनीति।
बैठक में किसानों को मिलने वाली खाद-बीज संकट पर भी जताई चिंता।
मनेंद्रगढ़।जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को गोंडवाना भवन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को आगामी चुनावों के लिए मजबूत बनाने, बूथ एवं पंचायत स्तर तक कांग्रेस की सक्रिय इकाइयों के गठन तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने की। इस दौरान संगठनात्मक मजबूती को लेकर सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को बूथ और पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की मजबूती का आधार बूथ स्तर का संगठन है और प्रत्येक गांव, पंचायत तथा मतदान केंद्र में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि आने वाले चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय करना आवश्यक है। इसके लिए समयबद्ध तरीके से बूथ एवं पंचायत कमेटियों का गठन कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। साथ ही जनता के बीच लगातार संपर्क अभियान चलाकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। नेताओं ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद और बीज की उपलब्धता में आ रही समस्याओं पर चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि किसान वर्तमान में खाद-बीज के लिए भटकने को मजबूर हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित होने की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की।
इसके अलावा बैठक में क्षेत्र की सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन की रणनीति भी बनाई जाएगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। प्रत्येक पंचायत और बूथ में सक्रिय कमेटियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाने का कार्य करती रही है और किसानों सहित आम जनता की समस्याओं को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ताओं में होती है। बूथ और पंचायत स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावों में सफलता की आधारशिला बनता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें। किसानों को खाद-बीज की समस्या से जूझना पड़ रहा है, जिसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश चंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा और संगठनात्मक परंपरा को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता है। कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर संगठन विस्तार में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता के मुद्दों पर कांग्रेस हमेशा मुखर रही है और आगे भी जनहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश चंद्र सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रभा पटेल, पूर्व नपा उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, जिला महामंत्री रफीक मेमन, सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता (बड़कू भैया), सरदार बलवीर सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष ग्रामीण रामनरेश पटेल, ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा, श्रीमती रूमा चटर्जी, श्रीमती निर्मला चतुर्वेदी, श्रीमती नीलिमा शामल, मंडल अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
