हसदेव क्षेत्र के सिविल विभाग में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, युवा कांग्रेस ने की जांच की मांग
मनेंद्रगढ़। हसदेव क्षेत्र के सिविल विभाग में पदस्थ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। युवा कांग्रेस एमसीबी के जिला अध्यक्ष हफीज मेमन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया है कि विभाग के कुछ अधिकारी पिछले कई वर्षों से एक ही स्थान पर पदस्थ रहते हुए अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, सिविल विभाग में पदस्थ स्टॉफ ऑफिसर डी. विश्वकर्मा पर आरोप है कि वे लंबे समय से हसदेव क्षेत्र में कार्यरत हैं और स्थानीय होने का लाभ उठाकर ठेकेदारों से कथित रूप से सांठगांठ कर निविदा एवं कार्य आवंटन में मनमानी कर रहे हैं।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि डोला नगर पंचायत में जल वितरण कार्य के लिए जारी टेंडर में भारी अनियमितता बरती गई। दावा किया गया है कि प्रतिदिन 30 ट्रिप टैंकर से पानी आपूर्ति के कार्यादेश के बावजूद केवल 3 टैंकरों से आपूर्ति कर कागजों में 30 ट्रिप दर्शाए जा रहे हैं, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी आरोप लगाया गया है कि हाल ही में लगभग 3.65 करोड़ रुपये के विद्युत एवं जेकेडी क्वार्टर मरम्मत कार्य में कथित रूप से पसंदीदा ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए भारी राशि लेकर कार्य आवंटित किया गया।
युवा कांग्रेस ने राज्य शासन और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद आम जनता को पर्याप्त पेयजल सुविधा नहीं मिल पा रही है, जबकि सरकारी योजनाओं पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
(नोट: यह आरोप युवा कांग्रेस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में लगाए गए हैं। संबंधित विभाग या अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।)
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी

