मनेन्द्रगढ़ में स्वास्थ्य जागरूकता की नई पहल, बालाजी मेडिकल स्टोर्स में शुरू हुई कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन सुविधा
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़। शहर में स्वास्थ्य जागरूकता और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति बढ़ती रुचि के बीच आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई है। राजस्थान भवन में संचालित योग धारा कार्यक्रम में कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन से लोगों को मिले सकारात्मक अनुभवों को देखते हुए बालाजी मेडिकल स्टोर्स के संचालक विजय अग्रवाल ने अपने प्रतिष्ठान में इस विशेष मशीन की व्यवस्था की है।
पंजाब नेशनल बैंक के सामने स्थित बालाजी मेडिकल स्टोर्स में स्थापित कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन का उद्घाटन नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्याम सुंदर पोद्दार, अशोक बोंदिया सहित अनेक वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार कांसा थाली एक्यूप्रेशर मशीन शरीर के विभिन्न बिंदुओं पर दबाव उत्पन्न कर स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने का कार्य करती है। इसके उपयोग से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मांसपेशियों एवं जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं में राहत मिलने की बात कही जा रही है। साथ ही शरीर की ऊर्जा संतुलित करने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में भी इसे उपयोगी माना जाता है। कई लोगों द्वारा इसके सकारात्मक अनुभव साझा किए जाने के बाद शहर में इसकी मांग बढ़ी है।
उद्घाटन कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के कारण लोगों में स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में योग, प्राकृतिक चिकित्सा और एक्यूप्रेशर जैसी पद्धतियां स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे शहरवासियों को वैकल्पिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेगा।
बालाजी मेडिकल स्टोर्स के संचालक विजय अग्रवाल ने बताया कि उनका उद्देश्य केवल दवाइयां उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि इच्छुक नागरिक स्टोर्स पहुंचकर मशीन के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा इसका उपयोग कर स्वास्थ्य लाभ ले सकते हैं।
शहर में स्वास्थ्य संवर्धन की दिशा में किए गए इस प्रयास को नागरिकों ने सराहनीय बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी और स्वास्थ्य उन्मुख कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
