13 जुलाई से प्रस्तावित नगरीय निकाय कर्मचारियों की हड़ताल टली
दो मांगों पर बनी सहमति, बाकी पर तीन माह में समाधान का आश्वासन
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़। प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारियों की 13 जुलाई से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन हड़ताल फिलहाल टल गई है। नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी नगरीय निकाय कल्याण संघ और नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव आर. संगीता के बीच हुई वार्ता में दो प्रमुख मांगों पर सहमति बनने तथा शेष मांगों के शीघ्र निराकरण के आश्वासन के बाद संघ की कोर कमेटी ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी ने बताया कि सचिव के साथ हुई चर्चा सकारात्मक रही। बैठक में कर्मचारियों की पांच सूत्रीय मांगों पर बिंदुवार विचार-विमर्श हुआ। सचिव ने प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान, एनपीएस और जीपीएफ की काटी गई राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराने तथा नियमित और प्लेसमेंट कर्मचारियों के तीन से चार माह से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने पर सहमति जताई।
इसके अलावा नए सेटअप का गठन कर पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना लागू करने, सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान तथा लंबित अनुकंपा नियुक्तियों जैसे मुद्दों पर नीतिगत स्तर पर कार्रवाई करते हुए तीन माह के भीतर सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया गया।
प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने बताया कि संचालक स्तर पर इन मांगों से संबंधित फाइलों पर तेजी से कार्रवाई चल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही कर्मचारियों को इसका सकारात्मक परिणाम मिलेगा।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन माह के भीतर शेष मांगों पर ठोस प्रगति नहीं हुई तो आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।
प्रमुख मांगें
प्रत्येक माह समय पर वेतन भुगतान।
एनपीएस व जीपीएफ की जमा राशि कर्मचारियों के खातों में जमा कराना।
लंबित वेतन का तत्काल भुगतान।
नया सेटअप तैयार कर पदोन्नति।
पुरानी पेंशन योजना लागू करना।
सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान।
लंबित अनुकंपा नियुक्तियों का निराकरण।
वार्ता में शामिल रहे
प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी, महिला उपाध्यक्ष शिल्पा मेश्राम, सह कोषाध्यक्ष माहितोष शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री सुभाष सोनकर।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
