झगड़ाखांड में गहराया जल संकट: कई वार्डों में कई दिनों से ठप पेयजल आपूर्ति, पार्षदों ने सीएमओ पर लगाए लापरवाही के आरोप
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी/झगड़ाखांड। एमसीबी जिले की नगर पंचायत झगड़ाखांड इन दिनों भीषण पेयजल संकट का सामना कर रही है। पिछले कई दिनों से नगर पंचायत के कई वार्डों में नलों से पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था करने हेतु इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, इंटकवेल का पंप खराब होने के कारण नगर की जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बावजूद इसके अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इस मामले में नगर पंचायत के पार्षदों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षदों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें अपने-अपने वार्डों में निजी टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत का टैंकर भी खराब हालत में है तथा उसका टायर फटा हुआ है, जिससे पानी वितरण की व्यवस्था और प्रभावित हो रही है।
पार्षदों का यह भी कहना है कि छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर कई बार सीएमओ से शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण आम जनता को जल संकट झेलना पड़ रहा है।
बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद झगड़ाखांड में पेयजल संकट लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से इंटकवेल के पंप की शीघ्र मरम्मत कर नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
