भाजपा सरकार के संकल्प और सुरक्षाबलों के शौर्य से बस्तर में लौटी शांति व विकास : चम्पा देवी पावले
मोदी, शाह, साय और विजय शर्मा के नेतृत्व में नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार, छत्तीसगढ़ में भयमुक्त वातावरण का निर्माण
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़,एमसीबी।भारतीय जनता पार्टी की एमसीबी जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले ने देश और प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध मिली ऐतिहासिक सफलताओं पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का जो समयबद्ध संकल्प लिया था, वह आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।
श्रीमती पावले ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति तथा ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के चलते देशभर में नक्सलवाद निर्णायक रूप से कमजोर हुआ है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में राज्य पुलिस एवं केंद्रीय सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप बस्तर सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का नया वातावरण बना है।
उन्होंने कहा कि वर्षों तक बस्तर और आदिवासी अंचल नक्सली हिंसा से प्रभावित रहे, जिससे विकास बाधित हुआ और आम नागरिक भय के साये में जीवन जीने को विवश थे। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल रही है। सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ सरकार विकास को भी समान प्राथमिकता दे रही है। सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी मूलभूत सुविधाएँ अब दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँच रही हैं, जिससे लोगों का लोकतंत्र और शासन व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।
जिलाध्यक्ष श्रीमती पावले ने कहा कि राज्य सरकार की ‘नियद नेल्लानार’ जैसी योजनाएँ दूरस्थ वनांचलों में विकास की नई रोशनी लेकर पहुँची हैं। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा लगातार बस्तर का दौरा कर सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी प्रभावी प्रयास कर रहे हैं। इसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे प्रदेश के सामने है।
श्रीमती चम्पा देवी पावले ने कहा कि भाजपा सरकार सुरक्षा, विकास और विश्वास—इन तीनों मोर्चों पर एक साथ कार्य कर रही है। आज बस्तर का आम नागरिक भयमुक्त वातावरण में जीवन जी रहा है और विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से वह दिन दूर नहीं जब छत्तीसगढ़ पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त होकर देश के सबसे विकसित और समृद्ध राज्यों की अग्रिम पंक्ति में शामिल होगा।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)एमसीबी
