एमसीबी के 200 से अधिक व्यापारियों को जीएसटी नोटिस का मामला, कैट ने राज्य कर आयुक्त से हस्तक्षेप की मांग
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की मनेंद्रगढ़ इकाई ने जीएसटी विभाग द्वारा स्थानीय व्यापारियों को जारी किए जा रहे शो-कॉज नोटिस, भारी पेनल्टी प्रस्ताव और जीएसटी पंजीयन निरस्तीकरण की कार्रवाई का विरोध करते हुए राज्य कर आयुक्त, रायपुर के नाम सहायक आयुक्त राज्य कर, कोरिया वृत मनेंद्रगढ़ को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने इन कार्यवाहियों को जीएसटी कानून की भावना के विपरीत बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
कैट ने आरोप लगाया कि कोरिया वृत मनेंद्रगढ़ के राज्य कर विभाग द्वारा करीब 200 से अधिक व्यापारियों को रिटर्न दाखिल करने में देरी और लगातार ‘निल रिटर्न’ दाखिल करने के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं। संगठन का कहना है कि कुछ मामलों में सामान्य विलंब पर धारा 125 के तहत 50 हजार रुपये तक की पेनल्टी प्रस्तावित की जा रही है, जबकि रिटर्न विलंब से भरने के लिए जीएसटी कानून में धारा 47 के तहत लेट फीस का अलग प्रावधान पहले से मौजूद है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई छोटे व्यापारी, ठेकेदार और सप्लायर व्यापारिक परिस्थितियों के कारण कुछ समय तक कोई कारोबार नहीं कर पाते, इसलिए वे नियमों के अनुसार निल रिटर्न दाखिल करते हैं। ऐसे मामलों में मात्र छह महीने के आधार पर जीएसटी पंजीयन निरस्त करना व्यावहारिक नहीं है और इससे छोटे व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
कैट की प्रमुख मांगें
200 से अधिक जारी किए गए शो-कॉज नोटिसों एवं एकतरफा कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाई जाए।
दो वर्ष से कम अवधि के निल रिटर्न के आधार पर निरस्त या निलंबित किए गए जीएसटी पंजीयन बहाल किए जाएं।
निल रिटर्न वाले मामलों में छह महीने के बजाय कम से कम दो वर्ष बाद समीक्षा करने संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
संगठन ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई से व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है तथा ईमानदार करदाताओं का प्रशासन पर विश्वास कमजोर हो रहा है। कैट ने राज्य कर आयुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस दौरान कैट एमसीबी जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, प्रदेश उपाध्यक्ष आनंद अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष विनय जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य रफीक मेमन, रंजीत चोपड़ा, रिंकेश खन्ना, मनीष शिवहरे एवं अशोक गुप्ता सहित संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)एमसीबी
