जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस का जिलेभर में व्यापक विरोध प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस के सभी विंग ने किया प्रदर्शन
राजेश सिन्हा, 8319654988
मनेंद्रगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार छात्र समुदाय के समर्थन में तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जिले में जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस द्वारा विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन एवं प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में मनेंद्रगढ़ के खेड़िया तिराहा में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्रित हुए और प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान एवं छात्र हितों की रक्षा के समर्थन में तथा विपक्ष की आवाज़ को दबाने के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
इसी क्रम में युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष हाफिज़ मेमन के नेतृत्व में चिरमिरी के हल्दीबाड़ी में विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।
एनएसयूआई ने जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी के नेतृत्व में बड़ी बाजार स्थित दुर्गा पंडाल में छात्र समुदाय के समर्थन में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया तथा लोकतांत्रिक अधिकारों और छात्र हितों पर हो रहे कथित हमलों के खिलाफ आवाज़ बुलंद की।
वहीं महिला कांग्रेस ने पूर्व जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए महिलाओं, छात्रों एवं विपक्षी नेताओं के साथ की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा की और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने तथा विपक्ष की आवाज़ को दबाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। छात्रों की समस्याओं को उठाने वाले जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के विरुद्ध की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रही है और आगे भी अन्याय एवं दमनकारी नीतियों के विरुद्ध अपना आंदोलन जारी रखेगी।
अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि जिले में कांग्रेस के सभी प्रमुख संगठनों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर एक साथ किए गए आंदोलनों ने यह संदेश दिया है कि कांग्रेस का प्रत्येक संगठन लोकतंत्र, संविधान और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं महिला कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी ने संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया तथा प्रदेशभर में जिले की सक्रिय राजनीतिक भूमिका को प्रभावी ढंग से स्थापित किया।
जिलेभर में आयोजित इन प्रदर्शनों में जिला कांग्रेस कमेटी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराते हुए संविधान और जनाधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)एमसीबी

