खोगापानी सम्मेलन में नारेबाजी करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं ने मांगी माफी, प्रदेश अध्यक्ष के नाम सौंपा क्षमायाचना पत्र
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़।भारतीय जनता पार्टी के एमसीबी जिले के खोगापानी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हुई नारेबाजी के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। नारेबाजी में शामिल कुछ कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नाम क्षमायाचना पत्र लिखकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले को सौंपा है।
पत्र में कार्यकर्ताओं ने स्वीकार किया है कि सम्मेलन के दौरान वे भावावेश में आ गए थे, जिसके चलते नारेबाजी हुई। उन्होंने माना कि उनके इस व्यवहार से संगठन की मर्यादा प्रभावित हुई, जिसके लिए उन्हें गहरा खेद है। साथ ही स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी भी वरिष्ठ पदाधिकारी या संगठन का अपमान करना नहीं था।
कार्यकर्ताओं ने अपने पत्र में लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी उनके लिए केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार और विचारधारा है। उन्होंने संगठन के अनुशासन, वरिष्ठ नेतृत्व और पार्टी की परंपराओं के प्रति पूर्ण सम्मान व्यक्त करते हुए भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने देने का संकल्प लिया है।
उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष से अपनी भूल को क्षमा करने का आग्रह करते हुए जिला अध्यक्ष श्रीमती चम्पा देवी पावले के माध्यम से संगठन में पूर्ववत सक्रिय रूप से कार्य करने का अवसर देने की अपेक्षा भी जताई है।
गौरतलब है कि खोगापानी में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान हुई नारेबाजी राजनीतिक और संगठनात्मक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई थी। ऐसे में संबंधित कार्यकर्ताओं द्वारा लिखित रूप से खेद व्यक्त कर क्षमा याचना करना संगठनात्मक अनुशासन और आत्ममंथन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)एमसीबी
