कैट ने प्रदेश के सभी जिलों से दिल्ली में भारत व्यापार महोत्सव में सहभागिता की अपील, संगठन विस्तार पर हुई अहम बैठक
मनेंद्रगढ़/एमसीबी :- देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) द्वारा रायपुर स्थित कैट कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 से 15 अगस्त तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव में छत्तीसगढ़ की प्रभावी भागीदारी, जिलों में नई संगठनात्मक टीमों के गठन, संगठन विस्तार तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों, जिला महामंत्रियों, जिला कोषाध्यक्षों एवं प्रमुख पदाधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान प्रत्येक जिले की नई कार्यकारिणी के गठन, व्यापारिक संगठनों के समन्वय तथा भारत व्यापार महोत्सव में जिले की सक्रिय भागीदारी की रूपरेखा तैयार की गई।
कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी ने प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने जिलों का सशक्त प्रतिनिधित्व करते हुए समय पर अनिवार्य रूप से उपस्थित हों। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से संगठन विस्तार को गति देने और भारत व्यापार महोत्सव को सफल बनाने के संकल्प के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में एमसीबी जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, कैट प्रभारी रफीक मेमन, शोएब अख्तर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारत व्यापार महोत्सव के माध्यम से प्रदेश के व्यापारियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों और व्यापारिक संभावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, वहीं संगठन विस्तार को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई गई।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
राजेश सिन्हा,8319654988
