संकल्प सेवा शिविर में राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का हुआ समाधान
वन नेशन वन राशन कार्ड, नॉमिनी सुविधा और साइबर क्राइम को लेकर हितग्राहियों को किया जागरूक
एमसीबी। जिले में खाद्य विभाग द्वारा संकल्प सेवा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक हुलेश कुमार डडसेना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिविर में जिलेभर के उचित मूल्य दुकान संचालक, जनप्रतिनिधि, खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।
शिविर में हितग्राहियों को वन नेशन वन राशन कार्ड योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले या राज्य से बाहर रहने वाले राशन कार्डधारी हितग्राही भी निर्धारित व्यवस्था के तहत दूसरे जिले अथवा स्थान पर अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही सेवा सेतु के माध्यम से बुजुर्ग, दिव्यांग या ऐसे हितग्राही जो स्वयं उचित मूल्य दुकान तक पहुंचने में असमर्थ हैं, उनके लिए नॉमिनी के माध्यम से राशन प्राप्त करने की सुविधा की जानकारी दी गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को खाद्य योजनाओं से जोड़ना और राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का मौके पर निराकरण करना रहा। इस दौरान नया राशन कार्ड बनाने, राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं नाम हटाने, शिकायतों का निराकरण तथा हितग्राहियों को शासकीय खाद्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में खाद्य विभाग के अधिकारियों और खाद्य निरीक्षकों ने हितग्राहियों तथा उचित मूल्य दुकान संचालकों को राशन वितरण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। वहीं, साइबर क्राइम और ऑनलाइन ठगी से बचाव को लेकर भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया तथा अनजान कॉल, लिंक और ओटीपी साझा नहीं करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में जिले के खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, वार्ड पार्षद, जिलेभर के उचित मूल्य दुकान संचालक, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से शासन की खाद्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)

