सरकारी मितानिन सम्मान समारोह या भाजपा का राजनीतिक प्रचार मंच?
कमल छाप झोले बांटने पर भड़के पूर्व विधायक गुलाब कमरो
मानदेय बढ़ाने के वादे पर चुप्पी, झोला और घड़ी बांटकर औपचारिकता!
सांसद ज्योत्सना महंत का नाम प्रोटोकॉल से गायब, जिला मुख्यालय के कार्यक्रम को भी खड़गवां में कराने पर उठे सवाल
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित मितानिन दिवस सम्मान समारोह अब राजनीतिक विवादों के घेरे में आ गया है। पूरी तरह शासकीय आयोजन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के आयोजनकर्ता होने के बावजूद मितानिन दीदियों को भाजपा के चुनाव चिह्न कमल के फूल वाला झोला वितरित किए जाने पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कड़ी आपत्ति जताई है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सवाल उठाया कि क्या CMHO जैसे जिम्मेदार शासकीय अधिकारी अब भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं? सरकारी कार्यक्रमों में किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न का प्रचार किसके निर्देश पर और किसकी अनुमति से किया जा रहा है? क्या सरकारी आयोजन अब राजनीतिक दलों के प्रचार का माध्यम बनेंगे?
उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यक्रम किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं होता। सरकारी संसाधनों और आयोजनों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए करना बेहद गंभीर मामला है। आखिर कमल के फूल वाले झोले बांटने की अनुमति किसने दी और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
झोला नहीं, मितानिन बहनों को चाहिए उनका अधिकार और बढ़ा हुआ मानदेय
गुलाब कमरो ने कहा कि मंत्री जी को झोले और घड़ियां बांटकर सम्मान की औपचारिकता करने के बजाय मितानिन बहनों के हित में काम करना चाहिए। चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुसार मितानिनों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि, प्रोत्साहन राशि और उनकी अन्य लंबित मांगों को पूरा किया जाना चाहिए।
दिन-रात गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभाने वाली मितानिन बहनों को राजनीतिक निशान वाले झोले नहीं, बल्कि उनका हक, सम्मानजनक मानदेय और सुविधाएं चाहिए।
सांसद का नाम प्रोटोकॉल से गायब, जिला मुख्यालय के कार्यक्रम खड़गवां में क्यों?
इस पूरे आयोजन में एक और गंभीर सवाल सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत का नाम प्रोटोकॉल में शामिल नहीं किए जाने को लेकर उठ रहा है। वहीं जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में आयोजित किए जाने योग्य कार्यक्रम को खड़गवां में आयोजित किए जाने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
आरोप है कि जिला मुख्यालय से जुड़े महत्वपूर्ण शासकीय कार्यक्रमों को बार-बार खड़गवां या अन्य स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। आखिर जिला मुख्यालय को लगातार नजरअंदाज करने के पीछे क्या वजह है? क्या यह प्रशासनिक व्यवस्था है या सत्ता की मनमानी?
जवाबदेही तय हो, राजनीतिक प्रचार पर लगे रोक
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न का इस्तेमाल, जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल की अनदेखी और मितानिनों की जायज मांगों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
मितानिन बहनों का सम्मान कमल छाप झोला बांटने से नहीं, उनके अधिकारों को पूरा करने से होगा। प्रशासन को बताना चाहिए कि सरकारी धन और सरकारी मंच का इस्तेमाल आखिर किसके राजनीतिक हित साधने के लिए किया जा रहा है?
खबर जागरण न्यूज ल(देश की आवाज)
