कर्मचारी नेता गोपाल सिंह का निधन, मनेन्द्रगढ़ में दी गई भावभीनी श्रद्धांज
कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद 28 फरवरी को ली अंतिम सांस, शिक्षक-कर्मचारियों में शोक की लहर
मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)।छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक और शिक्षा जगत के समर्पित व्यक्तित्व गोपाल सिंह के निधन से जिले के कर्मचारी और शिक्षक समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है। लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे गोपाल सिंह ने 28 फरवरी को अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले भर के कर्मचारियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई।
स्वर्गीय गोपाल सिंह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबहरा में व्यायाम शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। वे एक अनुशासित शिक्षक होने के साथ-साथ कर्मचारियों के अधिकारों और हितों के लिए संघर्ष करने वाले सक्रिय नेता के रूप में जाने जाते थे। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक के रूप में उन्होंने कर्मचारियों को संगठित करने, उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। उनके सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वे कर्मचारी जगत में काफी लोकप्रिय थे।
श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा शिक्षक-कर्मचारियों का सैलाब
स्वर्गीय गोपाल सिंह की स्मृति में शनिवार 7 मार्च 2026 को मनेन्द्रगढ़ में शोक सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पानी टंकी के सामने आयोजित हुआ। कार्यक्रम की जानकारी छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला सह-संयोजक गोपाल प्रसाद बुनकर ने दी।
श्रद्धांजलि सभा में जिले के विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संघों के पदाधिकारी, सदस्य, प्राचार्य, व्यायाम शिक्षक तथा बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। वहीं कोरिया जिले से भी फेडरेशन के पदाधिकारी पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके द्वारा कर्मचारियों के हित में किए गए कार्यों को याद किया। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि गोपाल सिंह का निधन कर्मचारी आंदोलन और शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
सभा में उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजेश सिन्हा,8319654988
