दीपक बैज का मनेंद्रगढ़ दौरा: भाजपा पर साधा निशाना, बोले-कल चुनाव हुए तो भाजपा सिमट जाएगी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया गर्मजोशी से स्वागत, स्वागत स्थलों पर दिखी संगठन के भीतर अलग-अलग गुटों की सक्रियता
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज का गुरुवार को मनेंद्रगढ़ आगमन हुआ। वे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मनेंद्रगढ़ स्थित हनुमान मंदिर के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मनेंद्रगढ़ पहुंचने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि “अगर कल चुनाव हो जाएं तो भाजपा सिमट जाएगी।” बैज के इस बयान के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। उनका यह बयान आगामी राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर कांग्रेस के तेवर और भाजपा के प्रति पार्टी के हमलावर रुख को दर्शाता है।
स्वागत के लिए अलग-अलग स्थानों पर जुटे कांग्रेस नेता, दिखी संगठन की अंदरूनी हलचल
दीपक बैज के स्वागत कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के भीतर भी अलग-अलग तस्वीर देखने को मिली। शहर में अलग-अलग स्थानों पर स्वागत स्थल बनाए गए थे, जहां कांग्रेस के विभिन्न नेताओं और समर्थकों ने अपने-अपने स्तर पर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इन अलग-अलग स्वागत आयोजनों को देखकर राजनीतिक गलियारों में संगठन के भीतर सक्रिय अलग-अलग समूहों की शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर भी चर्चा होती रही।
कुल मिलाकर दीपक बैज का मनेंद्रगढ़ दौरा केवल स्वागत कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उनके भाजपा पर दिए गए बयान और कांग्रेस के भीतर दिखाई दी अलग-अलग गतिविधियों ने जिले के राजनीतिक माहौल को चर्चा का विषय बना दिया। अब देखना होगा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के जरिए कांग्रेस जिले में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को किस तरह आगे बढ़ाती है।
खबर जागरण न्यूज़(देश की आवाज)
रिपोर्ट: राजेश सिन्हा

