रतनपुर स्थित मंत्री निवास में सजी होली की महफिल, फाग गीतों पर झूमे स्वास्थ्य मंत्री और कार्यकर्ता
एमसीबी/रतनपुर। रंगों के महापर्व होली के अवसर पर रतनपुर स्थित प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के निज निवास में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया जहां रंग, उमंग और पारंपरिक लोक संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिले के पत्रकार, स्थानीय व्यापारी, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन और नगरवासी शामिल हुए।
समारोह में पारंपरिक फाग गीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। ढोलक, मंजीरा और झांझ की थाप पर गूंजते फाग गीतों के बीच उपस्थित लोग झूमते नजर आए। इसी दौरान स्वास्थ्य मंत्री भी उत्साह से भरकर कार्यकर्ताओं के साथ फाग गीतों की लय पर थिरकते दिखाई दिये। उन्होंने सभी को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा प्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान रंग और गुलाल की बौछार के बीच सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर होली की खुशियां साझा कीं। पूरे परिसर में हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा। लोक परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को भारतीय त्योहारों की समृद्ध परंपरा की याद दिला दी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को जोड़ने का काम करते हैं और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आये साथ ही उन्होंने समाज में शांति, सद्भाव और सहयोग की भावना को बनाये रखने की अपील भी की।
होली मिलन समारोह में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पत्रकार, व्यापारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने उत्साह और उल्लास के साथ रंगोत्सव का आनंद लिया और एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।
राजेश सिन्हा,8319654988
