महिलाओं का सम्मान केवल एक दिन नहीं, हर दिन होना चाहिए – पूजा खरे
मनेंद्रगढ़(महिला दिवस पर विशेष)।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता पूजा खरे ने महिलाओं के सम्मान और समानता को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान देने के लिए केवल एक दिन निर्धारित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हर दिन और हर पल महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
पूजा खरे ने कहा कि महिला समाज की वह शक्ति है जो हर रूप में सम्मान की हकदार है। चाहे वह मां, बहन, बेटी, मित्र या कोई अजनबी महिला ही क्यों न हो, सभी के प्रति सम्मान की भावना रखना हमारी संस्कृति और संस्कार का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला का मूल्यांकन उसके कपड़ों के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि किसी महिला का स्वभाव और व्यक्तित्व उसकी पोशाक से नहीं बदलता।
उन्होंने लोगों से अपील की कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, स्नेह और सच्चे प्रेम की भावना को बढ़ावा दिया जाए। एक महिला सच्चे सम्मान, स्नेह और वफादार साथी की हकदार होती है।
पूजा खरे ने कहा कि जिस तरह हम देवी मां का सम्मान करते हैं, उसी तरह समाज की हर महिला को भी सम्मान और गरिमा के साथ देखना चाहिए। यही हमारी संस्कृति और अच्छे संस्कारों की पहचान है।
अंत में उन्होंने सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
राजेश सिन्हा,8319654988
