40 वर्षों से संजय दत्त का जन्मदिन मना रहे बिलासपुर के ‘संजू बाबा’, जुनून बना शहर की पहचान
राजेश सिन्हा,8319654988
बिलासपुर।अभिनेता के जन्मदिन पर बिलासपुर में उनके प्रख्यात प्रशंसक चुट्टू अवस्थी उर्फ “संजू बाबा” ने एक बार फिर भव्य आयोजन कर अपनी 40 वर्षों की अटूट प्रशंसकता का अनोखा उदाहरण पेश किया। लगातार चार दशकों से हर वर्ष 29 जुलाई को संजय दत्त का जन्मदिन मनाने की उनकी परंपरा अब सामाजिक सेवा और जनभागीदारी का अभियान बन चुकी है।
चुट्टू अवस्थी की यह यात्रा वर्ष 1986 में फिल्म ‘नाम’ से शुरू हुई। इसके बाद ‘फतेह’ और ‘खलनायक’ जैसी फिल्मों ने उन्हें संजय दत्त का ऐसा प्रशंसक बना दिया कि महज 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने हर साल अभिनेता का जन्मदिन मनाने का संकल्प लिया। तब से यह सिलसिला बिना किसी रुकावट के जारी है।
समय के साथ उनका यह जुनून समाजसेवा से जुड़ गया। हर नवरात्रि में मरीमाई मंदिर में संजय दत्त के स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कराई जाती है। वहीं जन्मदिन के अवसर पर अनाथालय, वृद्धाश्रम, नेत्रहीन विद्यालय और जरूरतमंद लोगों के बीच फल, मिठाई एवं राशन का वितरण किया जाता है।
संजय दत्त की जेल से रिहाई पर चुट्टू अवस्थी ने 100 किलो लड्डू वितरित किए और शहर में रैली निकाली। वर्ष 2013 में अभिनेता के अस्वस्थ होने पर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए महामृत्युंजय जाप भी कराया। कोरोना काल में भी उन्होंने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए सफाई कर्मियों और जरूरतमंद परिवारों को राशन, फल और सैनिटाइजर वितरित किए। फिल्म ‘संजू’ के प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पूरा थिएटर बुक कर शहरवासियों को फिल्म दिखाई।
वर्ष 2025 में जन्मदिन आयोजन को लेकर एफआईआर दर्ज होने के बावजूद उनका उत्साह और समर्पण कम नहीं हुआ। आज चुट्टू अवस्थी पूरे छत्तीसगढ़ में “संजू बाबा” के नाम से पहचाने जाते हैं।
इस वर्ष आयोजित समारोह में कंपनी गार्डन टाइगर ग्रुप, मध्यनगरी ग्रुप, ब्राह्मण समाज, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, वरिष्ठ नागरिकों और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। सभी ने चुट्टू अवस्थी के 40 वर्षों के समर्पण की सराहना करते हुए संजय दत्त के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
बहरहाल, चुट्टू अवस्थी ने यह साबित कर दिया कि जब किसी प्रशंसक का जुनून समाजसेवा और समर्पण से जुड़ जाता है, तो वह केवल एक फैन नहीं, बल्कि अपने शहर की एक अलग पहचान बन जाता है।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)

