खड़गवां में उप पंजीयक (रजिस्ट्री) कार्यालय की स्थापना समय की मांग – अशोक श्रीवास्तव
राजेश सिन्हा, 8319654988
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कलेक्टर को पत्र सौंपकर खड़गवां विकासखंड में उप पंजीयक (रजिस्ट्री) कार्यालय प्रारंभ किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि खड़गवां क्षेत्र की बड़ी आबादी को आज भी भूमि, मकान, दुकान एवं अन्य अचल संपत्तियों की रजिस्ट्री कराने के लिए मनेंद्रगढ़ आना पड़ता है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अशोक श्रीवास्तव ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि खड़गवां विकासखंड भौगोलिक दृष्टि से बड़ा क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी निवास करती है। प्रतिदिन क्षेत्र के किसान, मजदूर, व्यापारी, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य लोग रजिस्ट्री सहित विभिन्न कार्यों के लिए मनेंद्रगढ़ पहुंचते हैं। लंबी दूरी तय करने के कारण लोगों का पूरा दिन खराब हो जाता है, साथ ही परिवहन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी पड़ता है। कई बार दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण लोगों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को आम जनता के नजदीक पहुंचाना है, लेकिन खड़गवां जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में रजिस्ट्री कार्यालय का अभाव इस उद्देश्य को प्रभावित करता है। यदि यहां उप पंजीयक कार्यालय की स्थापना की जाती है तो न केवल हजारों लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी तेजी आएगी और राजस्व संबंधी सेवाएं अधिक सुगम एवं प्रभावी होंगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल और सुगम प्रशासन की बात की जा रही है, ऐसे में खड़गवां जैसे बड़े विकासखंड के नागरिकों को मूलभूत राजस्व सेवाओं के लिए दूसरे शहर पर निर्भर रहना उचित नहीं है। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
श्रीवास्तव ने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस लंबे समय से लंबित जनहितकारी मांग को शासन तक पहुंचाएगा और खड़गवां में उप पंजीयक (रजिस्ट्री) कार्यालय प्रारंभ कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करेगा।
उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि खड़गवां क्षेत्र की आम जनता की सुविधा और अधिकारों से जुड़ा विषय है। रजिस्ट्री कार्यालय खुलने से हजारों लोगों को समय, धन और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
