25 वर्षों से अटूट आस्था की मिसाल: 45 से अधिक शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए काँवर यात्रा पर रवाना
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़। सावन मास के पावन अवसर पर भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य शुक्रवार को देखने को मिला। बिजुरी-कोतमा-मनेन्द्रगढ़ के लेट लतीफ काँवर संघ के 45 से अधिक शिवभक्त झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए पवित्र काँवर यात्रा पर रवाना हुए। “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “बाबा एक सहारा है” के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।
यात्रा प्रारंभ होने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता एवं सभी श्रद्धालुओं की सकुशल वापसी की प्रार्थना की। इस दौरान परिजनों एवं शुभचिंतकों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लेट लतीफ काँवर संघ पिछले 25 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम की काँवर यात्रा का आयोजन कर रहा है। प्रत्येक वर्ष सावन मास में संघ के सदस्य पूरी श्रद्धा, अनुशासन और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए बाबा धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में शिवभक्त इस पावन यात्रा में शामिल हुए हैं।
यात्रा के दौरान श्रद्धालु विभिन्न पड़ावों पर विश्राम करते हुए भजन-कीर्तन, शिव आराधना और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे। श्रद्धालुओं ने बताया कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, भाईचारे और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का संदेश भी देती है।
बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर सभी श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि, शांति तथा सभी नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करेंगे। सावन माह में निकली इस धार्मिक यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और पूरे वातावरण में शिवभक्ति की अनूठी छटा बिखर गई।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
