रतलाम से बिलासपुर तक मानवता की मिसाल: स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल की पहल पर बुजुर्ग महिला का सिम्स में शुरू हुआ इलाज
परिजनों ने कहा— “ऐसी जनसेवा ही असली राजनीति है”
राजेश सिन्हा,8319654988
बिलासपुर/रायपुर/एमसीबी/रतलाम।खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)राजनीति जब केवल सत्ता तक सीमित न रहकर संवेदनशील जनसेवा का माध्यम बन जाए, तब उसकी वास्तविक सार्थकता दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्यशैली और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मध्य प्रदेश में सड़क दुर्घटना का शिकार हुई एमसीबी जिले की एक बुजुर्ग महिला को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की है।
रतलाम में मज़ार दर्शन के दौरान हुआ हादसा
एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम के वार्ड क्रमांक-19 निवासी लक्ष्मी सिंह धार्मिक आस्था और सर्वधर्म समभाव की भावना से विभिन्न तीर्थ एवं धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए नियमित रूप से यात्रा करती हैं। इसी क्रम में वह मध्य प्रदेश के रतलाम स्थित एक मज़ार में दर्शन करने गई थीं।
दर्शन के दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों की तत्परता से उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
बेटे की गुहार पर तत्काल सक्रिय हुए स्वास्थ्य मंत्री
दुर्घटना की सूचना मिलते ही लक्ष्मी सिंह के पुत्र दीपक सिंह, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने स्वास्थ्य मंत्री के निज सचिव राजेंद्र दास से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।
जैसे ही मामला स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के संज्ञान में आया, उन्होंने बिना किसी विलंब के रतलाम के स्वास्थ्य अधिकारियों से संपर्क स्थापित किया और घायल महिला को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री की पहल पर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित समन्वय स्थापित हुआ और महिला के उपचार की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
एम्बुलेंस से बिलासपुर सिम्स पहुंचीं, विशेषज्ञों की निगरानी में उपचार जारी
स्वास्थ्य मंत्री के विशेष निर्देश पर प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मी सिंह को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से सुरक्षित रूप से बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लाया गया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू हो चुका है।
परिजनों ने जताया आभार, बोले-“यही है सच्ची जनसेवा”
संकट की इस घड़ी में मिली त्वरित सहायता से लक्ष्मी सिंह का परिवार भावुक हो उठा। परिजनों ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“आज हमने महसूस किया कि जनप्रतिनिधि यदि संवेदनशील हो तो वह किसी भी परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ा रहता है। मंत्री जी ने साबित कर दिया कि जनसेवा ही असली राजनीति है। हम जीवनभर उनके इस सहयोग को नहीं भूलेंगे।”
मानवता का संदेश
राज्य की सीमाओं से परे जाकर एक जरूरतमंद नागरिक के उपचार की व्यवस्था कर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि का सबसे बड़ा दायित्व संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ा होना है। उनकी इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
