भारत व्यापार महोत्सव 2026 से जुड़ने व्यापारियों से कैट की अपील, नगर पालिका अध्यक्ष ने किया जनजागरूकता पंपलेट का विमोचन
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा आयोजित देश के सबसे बड़े व्यापारिक आयोजन भारत व्यापार महोत्सव 2026 में अधिक से अधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एमसीबी जिले में रिकॉर्ड बिजनेस डेलीगेट पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर पालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सरजू यादव के करकमलों से भारत व्यापार महोत्सव के जनजागरूकता पंपलेट का विमोचन किया गया।
कैट एमसीबी के जिलाध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने जिले के सभी व्यापारियों, उद्योगपतियों, युवा उद्यमियों एवं व्यवसायियों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होने वाला भारत व्यापार महोत्सव देश का सबसे बड़ा ट्रेड फेयर है। इसमें देशभर के व्यापारी, उद्योगपति, स्टार्टअप, एमएसएमई, निर्यातक एवं विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमी एक मंच पर एकत्रित होंगे।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के माध्यम से व्यापार विस्तार, नए बाजारों तक पहुंच, आधुनिक तकनीकों की जानकारी, निवेश के अवसर तथा राष्ट्रीय स्तर पर व्यापारिक नेटवर्क विकसित करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। यह आयोजन स्थानीय व्यापारियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि “व्यापारी एकता राष्ट्र की शक्ति है” और “व्यापार बढ़ेगा, भारत आगे बढ़ेगा” के संकल्प के साथ सभी व्यापारी इस अभियान से जुड़ें तथा अन्य व्यापारियों को भी पंजीयन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले के व्यापारी बड़ी संख्या में इस राष्ट्रीय व्यापार महोत्सव में भाग लेकर अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
पंपलेट विमोचन कार्यक्रम के दौरान कैट पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा सरजू यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष ने भी कैट पदाधिकारियों का सम्मान करते हुए भारत व्यापार महोत्सव 2026 को व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया और अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संदीप दुआ, रिंकेश खन्ना, विनय जायसवाल, रफीक मेमन, आनंद अग्रवाल, रंजीत चोपड़ा, शैलेश जैन, अशोक गुप्ता, कीर्ति सोनी, ऋषि अग्रवाल, माखनलाल जायसवाल, जितेंद्र चोपड़ा, मोहम्मद अकरम, संजय अग्रवाल, राहुल यादव, सूरज केसरवानी एवं दीपक त्रिपाठी सहित अनेक व्यापारी एवं कैट पदाधिकारी उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
