सत्ता मिलते ही आदिवासियों को भूल गई भाजपा सरकार? गुलाब कमरो ने मुख्यमंत्री पर साधा निशाना
विश्व आदिवासी दिवस पर सरकारी प्रचार को लेकर कांग्रेस नेता गुलाब कमरो ने उठाए सवाल, बोले-“आदिवासी समाज के सम्मान का हुआ अपमान”
मनेन्द्रगढ़। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से प्रचार-प्रसार और मुख्यमंत्री के बधाई संदेश को लेकर कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य प्रमुख तिहारों और अवसरों पर पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के बड़े-बड़े पोस्टर और सरकारी प्रचार दिखाई देते हैं, लेकिन विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर आदिवासी समाज को उसी स्तर पर सम्मान और सरकारी प्रचार नहीं मिला।
गुलाब कमरो ने कहा कि “दूसरे तिहारों पर पूरे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के बड़े-बड़े पोस्टर लग जाते हैं और सरकारी प्रचार में पैसा पानी की तरह बहाया जाता है। लेकिन जब विश्व आदिवासी दिवस आया तो न मुख्यमंत्री का बधाई संदेश दिखाई दिया और न ही प्रदेशभर में वैसा सरकारी प्रचार नजर आया।”
उन्होंने भाजपा सरकार की आदिवासी नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों को लेकर सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज की पहचान और भावनाओं का इस्तेमाल सत्ता की राजनीति के लिए किया गया, लेकिन समाज के गौरव के दिन उसे अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया।
कमरो ने कहा कि “जिस समाज की पहचान को आगे रखकर सत्ता की राजनीति की जाए, उसी समाज के गौरव के दिन सम्मान के दो शब्द तक न निकलें, यह महज भूल नहीं है। यह पूरे प्रदेश के आदिवासियों के सम्मान का अपमान है।”
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार का कथित आदिवासी प्रेम अब जनता के सामने उजागर हो रहा है। “आदिवासी चेहरा आगे कर सत्ता का खेल कोई और खेल रहा है, अब सच सामने है,” उन्होंने कहा।
गुलाब कमरो के इस बयान के बाद विश्व आदिवासी दिवस पर प्रदेश सरकार के प्रचार-प्रसार और आदिवासी समाज के प्रति सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988
