गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकान खुलना भाजपा की असंवेदनशील सोच को दर्शाता है : कांग्रेस
मनेंद्रगढ़।राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में गांधी चौक, मनेंद्रगढ़ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और सत्य, अहिंसा व सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि जैसे पावन दिवस पर शहर में शराब दुकान संचालित किए जाने का विरोध किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण और सांकेतिक रूप से शराब दुकान के सामने बैठकर “रघुपति राघव राजा राम” भजन गाया तथा भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की।
गांधी केवल व्यक्ति नहीं, विचारधारा हैं : गुलाब कमरों
पूर्व विधायक भरतपुर–सोनहत गुलाब कमरों ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। उनकी पुण्यतिथि पर शराब दुकान खुला रहना अत्यंत निंदनीय है और यह भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। यह गांधी जी के आदर्शों का खुला अपमान है।
भाजपा का नैतिक दिवालियापन उजागर : सौरव मिश्रा
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव गांधी जी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने में विश्वास रखती है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान का संचालन भाजपा के नैतिक दिवालियापन को दर्शाता है। कांग्रेस इस तरह के जनविरोधी निर्णयों का शांतिपूर्ण विरोध करती रहेगी।
सामाजिक-सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान : प्रभा पटेल
नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। ऐसे पवित्र दिवस पर शराब दुकान संचालित करना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान है, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा केवल राजस्व देख रही है : राजकुमार केसरवानी
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल राजस्व के बारे में सोच रही है, उसे समाज की भावनाओं और संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान खोलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
नशामुक्त समाज के खिलाफ भाजपा : पूनम सिंह
महिला कांग्रेस नेत्री पूनम सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी नशामुक्त समाज के पक्षधर थे, लेकिन भाजपा सरकार नशे को बढ़ावा देकर महिलाओं और परिवारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। कांग्रेस महिलाओं की आवाज़ बनकर ऐसे फैसलों का विरोध करती रहेगी।
कांग्रेस पार्षदों एवं नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकान का संचालन जनभावनाओं को ठेस पहुँचाने वाला है और भाजपा सरकार को इस पर तत्काल रोक लगानी चाहिए।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरों, ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा, प्रभा पटेल, राजकुमार केसरवानी सहित पार्षदगण, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
राजेश सिन्हा 8319654988

