मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संभावित जिला दौरा आज : 127 करोड़ की विकास सौगात, 141 कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास
एमसीबी।जिले में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संभावित प्रवास प्रस्तावित है। दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय हो गया है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर लगभग 2:00 बजे पोड़ी ग्राउंड स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद वे मालवीय नगर पोड़ी स्थित नगर निगम के मंगल भवन में आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होंगे।
127 करोड़ से अधिक की विकास सौगात
मुख्य समारोह में जिले को 12704.63 लाख रुपये अर्थात 127 करोड़ से अधिक की विकास सौगात मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों के अंतर्गत पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण तथा नए विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे।
प्रस्तावित विवरण के अनुसार
82 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण, जिन पर 3879.85 लाख रुपये की लागत आई है।
59 नए कार्यों का शिलान्यास, जिनके लिए 8824.78 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
कुल मिलाकर 141 विकास कार्यों के माध्यम से जिले की आधारभूत संरचना को नई मजबूती मिलने जा रही है।
इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शासकीय भवन, स्वास्थ्य सुविधाएं, विद्युत विस्तार, पेयजल व्यवस्था तथा नगरीय विकास से जुड़े अनेक कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगा।
जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया जाएगा और स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से संक्षिप्त संवाद में जिले की भावी विकास योजनाओं की रूपरेखा भी साझा की जाएगी।
जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
मुख्य कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां अंगवस्त्र एवं तिलक से उनका स्वागत किया जाएगा। मंदिर परिसर में यज्ञशाला में हवन-पूजन, बाबा गुरु घासीदास की कुटिया में दर्शन तथा जगन्नाथ और शिव मंदिर में पूजा-अर्चना का कार्यक्रम निर्धारित है। आनंद बाजार में आम नागरिकों के साथ प्रसाद ग्रहण करने के बाद मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम लगभग 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से आगे के गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।
जिले में उत्साह का माहौल
मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हैं और आमजन में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। यह अवसर जिले के लिए विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित हो सकता है।
राजेश सिन्हा 8319654988
