छात्र संघ चुनाव बहाली को लेकर एन एस यू आई का चरणबद्ध आंदोलन तेज, आज प्रेस वार्ता सम्पन्न
मनेंद्रगढ़। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एन एस यू आई) द्वारा प्रदेशभर में छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में आज मनेंद्रगढ़ में एन एस यू आई द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
एन एस यू आई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कहा कि लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों की आवाज दब रही है और उनका प्रतिनिधित्व समाप्त होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए छात्र संघ चुनाव आवश्यक हैं और एन एस यू आई इसे लेकर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने एन एस यू आई के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं के अधिकारों के साथ खड़ी रही है और सरकार को तुरंत छात्र संघ चुनाव कराकर छात्रों को उनका लोकतांत्रिक अधिकार लौटाना चाहिए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि छात्र संघ चुनाव नहीं होने से कॉलेजों में छात्रों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। यह आंदोलन छात्रों की आवाज को मजबूती देगा और कांग्रेस संगठन एन एस यू आई के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री रफीक मेमन एवं एन एस यू आई महासचिव आशीष चौधरी ने कहा कि फीस वृद्धि, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। छात्र संघ चुनाव ही इन समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम है, इसलिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
एन एस यू आई द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत 30 मार्च 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में राज्यपाल एवं सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा तथा 6 अप्रैल 2026 को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में घेराव कर छात्र शक्ति का प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन ने सभी छात्र-छात्राओं से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा, एन एस यू आई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, एन एस यू आई जिला महासचिव सैफ नियाजी, संजय रौतिया, आशीष चौधरी, भारत चौधरी, जिला उपाध्यक्ष निखिल यादव सहित एन एस यू के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
