कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध रेत उत्खनन पर सख्ती
एमसीबी।एमसीबी जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर खनिज विभाग ने 10 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात को विशेष अभियान चलाकर कई वाहनों को जब्त किया।
जानकारी के अनुसार, भरतपुर तहसील के ग्राम पंचायत हरचौका स्थित मवई नदी में संचालित स्वीकृत रेत खदान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करते हुए खनन कार्य पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 1 चैन माउंटेन मशीन और 1 रेत से भरे हाइवा को मौके पर ही जब्त कर सीज कर दिया गया।
इसके अलावा सिरौली और चिउंटीमार क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त 4 ट्रैक्टर वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। सभी वाहन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21(1), 21(5) एवं 23(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया है।
इस कार्रवाई में खनि अधिकारी दयानंद तिग्गा, खनिज सिपाही राजकुमार यादव सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
राजेश सिन्हा,8319654988
