कोरिया की धमाकेदार जीत, कांकेर को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
एमसीबी/कोरिया। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा जिला धमतरी में आयोजित अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट में कोरिया टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांकेर को 6 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। पूरे टूर्नामेंट में कोरिया की टीम अब तक अपराजेय रही है और लगातार जीत के साथ अपने मजबूत इरादों का परिचय दे चुकी है।
इससे पहले कोरिया ने जांजगीर-चांपा और बस्तर जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपनी ताकत साबित की थी। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए खेले गए इस “करो या मरो” मुकाबले में कांकेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया।
कांकेर की ओर से आर्यन गुप्ता (41 रन) और काव्या शंकर (37 रन) ने संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम पहली पारी में 136 रनों पर सिमट गई। कोरिया के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें कुश चावड़ा ने 4 विकेट झटके, जबकि अथर्व सिंह और स्वाभिमान यादव ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।
जवाब में कोरिया की पहली पारी 125 रनों पर सिमट गई। अभिनव (26 रन), अथर्व (18 रन) और ऑलराउंडर आबिद अली के शानदार 68 रन टीम के लिए अहम साबित हुए।
दूसरी पारी में कोरिया के गेंदबाजों ने फिर कमाल दिखाया। अथर्व सिंह की घातक गेंदबाजी (6 विकेट) और स्वाभिमान यादव के 3 विकेट की बदौलत कांकेर की टीम सिर्फ 98 रनों पर ढेर हो गई।
110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोरिया ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। आबिद अली के 41 रन और कुश चावड़ा के 29 रनों की बदौलत टीम ने लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत में टीम के कोच किशन केंवट और मैनेजर शारदा मरावी की रणनीति और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला कोरिया क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने टीम के शानदार प्रदर्शन पर खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सेमीफाइनल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
अब कोरिया की टीम सेमीफाइनल में भी जीत का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार है। खिलाड़ियों का जोश और प्रदर्शन यह संकेत दे रहा है कि इस बार ट्रॉफी पर कोरिया का कब्जा हो सकता है।
राजेश सिन्हा,8319654988

