सुशासन तिहार केवल दिखावा, जनता के पैसों की हो रही बर्बादी – स्वप्निल सिन्हा
मनेन्द्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित सुशासन तिहार पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह दिखावटी आयोजन और शासकीय राशि का दुरुपयोग बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन के बड़े-बड़े दावे कर रही है वहीं दूसरी ओर आम जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिये परेशान है।
प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने बयान जारी करते हुए कहा कि सुशासन तिहार जैसे आयोजनों में लाखों रुपये खर्च किये जा रहे हैं लेकिन जमीनी स्तर पर जनता को उसका कोई लाभ दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा कार्यक्रम केवल सरकारी उपलब्धियों का प्रचार करने और जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाने का माध्यम बन गया है। उन्होंने कहा कि मनेन्द्रगढ़ शहर सहित कई जिले भर में आज भी सड़कें जर्जर स्थिति में हैं। नालियों की नियमित सफाई नहीं हो रही, पेयजल की समस्या बनी हुई है तथा बिजली व्यवस्था भी कई क्षेत्रों में प्रभावित रहती है। इसके बावजूद सरकार सुशासन का उत्सव मनाकर अपनी पीठ थपथपा रही है।
प्रवक्ता स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में जनता के हित में कार्य करना चाहती है तो सबसे पहले स्थानीय समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिये। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सुशासन तिहार के नाम पर अनावश्यक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं में व्यस्त रखा जा रहा है जिससे आम कामकाज प्रभावित हो रहा है। स्वप्निल सिन्हा ने यह भी कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं और प्रचार नहीं बल्कि धरातल पर विकास कार्य देखना चाहती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि शासकीय धन का उपयोग जनहित के कार्यों में किया जाये ना कि केवल आयोजन और प्रचार-प्रसार में।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज उठाती रही है और आगे भी आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी साथ ही उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता के साथ कार्य करने और जनता की वास्तविक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की अपील की है।
राजेश सिन्हा,8319654988
