पूर्व विधायक गुलाब कमरो का सरकार पर हमला,बोले –“सुशासन तिहार के नाम पर हो रहा सिर्फ प्रचार”
एमसीबी।भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो बार एमसीबी जिले का दौरा कर चुके हैं, लेकिन जिले को अब तक किसी भी प्रकार की बड़ी सौगात या महत्वपूर्ण घोषणा नहीं मिली है। उन्होंने इसे क्षेत्र की जनता के साथ उपेक्षा बताया।
पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जहां भी “भेंट-मुलाकात” कार्यक्रम में जाते थे, वहां करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणाएं होती थीं और उन योजनाओं का लाभ आज भी जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हुए विकास कार्य आज धरातल पर स्पष्ट दिखाई देते हैं।
गुलाब कमरो ने कहा कि एमसीबी जिले का निर्माण, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज, बड़े पुल-पुलिया, सड़कें, स्कूल, कॉलेज, छात्रावास और अस्पताल कांग्रेस सरकार की देन हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने का कार्य किया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर केवल प्रचार और झूठी वाहवाही लूटने में लगी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सादगी और फिजूलखर्ची रोकने की अपील के बावजूद भारी-भरकम लाव-लश्कर के साथ सरकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पूर्व विधायक ने “सुशासन तिहार” को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार सुशासन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ आम जनता मूलभूत समस्याओं से परेशान है और उनकी सुनवाई नहीं हो रही।
इसी तरह कोरिया जिले में भी किसी भी प्रकार की सौगात नहीं दी गई, गुलाब कमरो ने कहा कि भाजपा का असली चेहरा उस समय सामने आ गया जब उनकी ही पार्टी के एक पदाधिकारी, जो सोनहत क्षेत्र के निवासी भी है, ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं, क्योंकि समस्याओं को ना सुनकर उसके विपरीत संबंधित पदाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया।
कमरों ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सच बोलने का इनाम नोटिस देना है? क्या यही सुशासन है?
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार अपने ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बात सुनने को तैयार नहीं है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल कार्यक्रमों और प्रचार में व्यस्त है।
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मांग कहा कि एमसीबी जिले और भरतपुर-सोनहत क्षेत्र को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया। जनता इसका समय आने पर देगी।
