एमसीबी जिले में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा’ पर सियासत गरमाई, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा के तहत यात्रियों के चयन को लेकर एमसीबी जिले में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रदेश सरकार की इस योजना में नियमों की अनदेखी और भाजपा नेताओं को उपकृत करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने अपनी ही सरकार की गाइडलाइन की धज्जियां उड़ा दी हैं।
पात्र कलाकारों और साहित्यकारों की जगह भाजपा नेताओं को मिली प्राथमिकता
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि शासन की स्पष्ट गाइडलाइन के अनुसार, इस यात्रा में जिले के माटी-पानी, लोक कला, संस्कृति, साहित्य और इतिहास के विशेष जानकारों को शामिल किया जाना था। ताकि वे क्षेत्र की धरोहर का प्रतिनिधित्व कर सकें।
“लेकिन नियमों को ताक पर रखकर असली हकदारों (साहित्यकारों और कलाकारों) के स्थान पर पूरी तरह से भाजपा से जुड़े लोगों को प्राथमिकता दी गई।” गुलाब कमरो, पूर्व विधायक
“क्या भाजपा जिलाध्यक्ष अपनी ही सरकार से बड़े हो गए हैं?”
गुलाब कमरो ने सीधे तौर पर भाजपा के संगठनात्मक दखल पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि:भाजपा जिला अध्यक्ष ने अपनी ही सरकार के नियमों और गाइडलाइंस को पूरी तरह दरकिनार कर दिया।साहित्यकारों और कलाकारों के नाम काटकर स्वयं अपना और अन्य भाजपा पदाधिकारियों का नाम सूची में शामिल करवा लिया।
कमरो ने तीखा सवाल दागते हुए पूछा
“क्या अब भाजपा जिला अध्यक्ष अपनी ही सरकार से भी बड़े हो गए हैं जो सरकारी नियमों को बदल रहे हैं?”
‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे पर साधा निशाना
पूर्व विधायक ने इस चयन प्रक्रिया को पात्र व्यक्तियों के अधिकारों का हनन बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस यात्रा के लिए वास्तविक रूप से योग्य लोगों के अधिकारों पर ‘डाका’ डाला है। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या अपनों को फायदा पहुंचाना ही भाजपा का “सबका साथ, सबका विकास” है? कमरो ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर सरकारी योजनाओं का इस तरह राजनीतिक उपयोग तुरंत बंद होना चाहिए। सरकारी पैसे और योजनाओं का लाभ दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनता और संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों को मिलना चाहिए। इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अब जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है, और देखना होगा कि भाजपा इस पर क्या पलटवार करती है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी

