17 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर डॉक्टर कल से करेंगे आंदोलन, प्रदेशभर के करीब 6 हजार चिकित्सक रहेंगे हड़ताल पर
एमसीबी जिला सहित प्रदेश भर में स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ेगा असर
मनेंद्रगढ़। 17 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टरों ने आंदोलन का ऐलान किया है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के आह्वान पर प्रदेशभर के लगभग 6 हजार चिकित्सक आंदोलन में शामिल होने की तैयारी में हैं। मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज में कार्यरत MBBS Bond एवं PG Bond चिकित्सक भी आंदोलन के समर्थन में उतरेंगे।
दरअसल, चिकित्सकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 16 सितंबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में चिकित्सकों ने बताया था कि जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा चिकित्सकों के हित में 17 सूत्रीय मांगें शासन के समक्ष रखी गई हैं।
इन मांगों में सेवा शर्तों में सुधार, बॉन्ड व्यवस्था, वेतन एवं मानदेय, पदस्थापना, कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएं सहित चिकित्सकों से जुड़ी अन्य समस्याओं का निराकरण प्रमुख रूप से शामिल है।
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन का निर्णय
चिकित्सकों का कहना है कि उन्होंने शासन एवं प्रशासन से निर्धारित अथवा उचित समयावधि में मांगों के निराकरण की अपेक्षा की थी, ताकि आंदोलन की स्थिति निर्मित न हो और चिकित्सक अपने दायित्वों का सुचारू रूप से निर्वहन करते रहें। लेकिन मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद अब जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया गया है।
चिकित्सकों के अनुसार, उनकी मांगें केवल चिकित्सकों के हित से जुड़ी नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य व्यवस्था में आवश्यक सुधार और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने से भी संबंधित हैं।
कलेक्टर सहित अधिकारियों को भेजी गई थी ज्ञापन की प्रतिलिपि
मनेंद्रगढ़ के चिकित्सकों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन की प्रतिलिपि संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय, मनेंद्रगढ़ तथा कलेक्टर एमसीबी को भी भेजी गई थी। चिकित्सकों ने मांगों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई और उचित निर्देश जारी करने का अनुरोध किया था।
अब मांगों का समाधान नहीं होने पर कल से प्रस्तावित आंदोलन में मनेंद्रगढ़ मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टर भी सहभागिता करेंगे।
राजेश सिन्हा,8319654988

