सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को मिला प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का मार्गदर्शन
जिला प्रशासन एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम
मनेन्द्रगढ़। विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए उचित दिशा प्रदान करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय में करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए UPSC, PSC सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, परीक्षा की प्रकृति, उत्तर लेखन, करियर विकल्पों तथा प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े, अतिरिक्त कलेक्टर श्री अनिल सिदार, एसडीएम श्री लिंगराज सिदार, डिप्टी कलेक्टर श्री स्वप्निल वर्मा एवं डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलखो सहित महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर श्राबनी चक्रवर्ती, महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कार्यालयीन कर्मचारी, करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन समिति के समस्त संयोजक एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर श्राबनी चक्रवर्ती ने जिला प्रशासन से आए सभी अधिकारियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को करियर से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करते हुए लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी रुचि एवं क्षमता को पहचानने तथा उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ अपने विषय एवं व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा खलखो ने विद्यार्थियों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षाओं की तैयारी के विभिन्न पहलुओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने UPSC के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, परीक्षा के स्वरूप, विभिन्न प्रश्नपत्रों तथा प्रभावी उत्तर लेखन की शैली पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में नियमित अध्ययन, विषय की समझ, समय प्रबंधन एवं निरंतर अभ्यास के महत्व को समझाया।
इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री स्वप्निल वर्मा ने विद्यार्थियों को PSC एवं प्रशासनिक सेवाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को UPSC और PSC की परीक्षाओं के विषयों एवं परीक्षा स्वरूप में अंतर, दोनों परीक्षाओं से संबंधित पाठ्यक्रम एवं अध्ययन सामग्री के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकों एवं अध्ययन संसाधनों, नियमित अध्ययन की तैयारी विधियों, समय प्रबंधन तथा दैनिक स्टडी रूटीन के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए व्यवस्थित अध्ययन योजना बनाना, नियमित रूप से अध्ययन करना और अपनी तैयारी का निरंतर मूल्यांकन करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने राज्य प्रशासनिक सेवाओं में उपलब्ध अवसरों तथा लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के संबंध में विद्यार्थियों से संवाद किया।
एसडीएम श्री लिंगराज सिदार ने विद्यार्थियों को प्रशासनिक व्यवस्था में विभिन्न शासकीय पदों की भूमिका एवं आवश्यकता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में प्रशासनिक सेवाओं की भूमिका तथा विभिन्न शासकीय पदों के माध्यम से जनहित एवं समाज के विकास में किए जाने वाले कार्यों के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को दी गई जानकारी को समग्र रूप से जोड़ते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं को समझते हुए उन्हें अपने करियर को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा उपलब्ध अवसरों की जानकारी प्राप्त कर योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण चरण प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र रहा। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने UPSC, PSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। विद्यार्थियों ने परीक्षा की तैयारी, प्रश्नपत्र, उत्तर लेखन, करियर विकल्प, प्रशासनिक सेवाओं एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव प्रदान किए।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरुणिमा दत्त, विभागाध्यक्ष, प्राणीशास्त्र विभाग द्वारा किया गया। कार्यक्रम में करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन समिति के समस्त संयोजकों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कार्यालयीन कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को UPSC, PSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा प्रशासनिक सेवाओं में करियर की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला। जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ सीधे संवाद और प्रश्नोत्तर के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी जिज्ञासाओं
का समाधान प्राप्त हुआ तथा अपने भविष्य को लेकर बेहतर दिशा में विचार करने का अवसर मिला।
राजेश सिन्हा,8319654988

