मां शीतला की महाआरती में उमड़े हजारों श्रद्धालु, शराफत अली ने दिया हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश
मनेंद्रगढ़ में श्रद्धा और आस्था के साथ हुआ आयोजन, भोग-प्रसाद का वितरण, मनेंद्रगढ़ पत्रकार मंडली का रहा विशेष योगदान
मनेंद्रगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर मनेंद्रगढ़ में धार्मिक आस्था, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली। नवरात्रि के प्रथम दिन शराफत अली के आयोजन में मां शीतला माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भव्य महाआरती की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शीतला माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धा और भक्ति के माहौल में महाआरती संपन्न हुई। आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर मां शीतला का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच भोग एवं प्रसाद का वितरण भी किया गया।
हिंदू-मुस्लिम एकता और भाईचारे का दिया संदेश
इस आयोजन का विशेष आकर्षण धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द का संदेश रहा। नवरात्रि के प्रथम दिन मां शीतला माता की महाआरती का आयोजन कर शराफत अली ने हिंदू-मुस्लिम एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रेरणादायक पहल की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि धर्म और आस्था के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन इंसानियत, प्रेम और आपसी सद्भाव सभी को एक सूत्र में बांधते हैं।
जयकारों से गूंजा माहौल, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मां शीतला के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मनेंद्रगढ़ पत्रकार मंडली का भी विशेष योगदान रहा।
मनेंद्रगढ़ में आयोजित इस महाआरती ने नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। आयोजन की चर्चा लोगों के बीच रही और इसे आपसी सद्भाव की एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)

