शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेंद्रगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बनी विशाल रंगोली
मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया शुभारंभ
भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को कलाकृति के माध्यम से जीवंत किया गया
माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर अतिथियों व छात्र-छात्राओं ने लिया ‘विकसित भारत’ का संकल्प
विशाल मानवचक्र बनाकर देश की एकता और प्रगति का दिया संदेश
एमसीबी।‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन एमसीबी के सहयोग तथा महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) श्राबनी चक्रवर्ती के कुशल संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आज शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेंद्रगढ़ के प्रांगण में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत महाविद्यालयीन स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं के भगीरथ और अथक प्रयासों से ’76×76′ फीट आकार की एक विशाल गोलाकार कलाकृति (रंगोली) तैयार की गई, जो आज पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही। विविध आकर्षक रंगों के संयोजन से उकेरी गई इस कलाकृति में भारत सरकार की विभिन्न दूरदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहद खूबसूरती के साथ प्रदर्शित किया गया है।
आज मध्याह्न 12:00 बजे इस भव्य प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ कर इसे आम जनता के अवलोकनार्थ खोल दिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की माननीय विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृहमंत्री श्री रामसेवक पैकरा, भारतीय जनता पार्टी जिला एमसीबी की जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले तथा जिला संगठन प्रभारी श्री बाबूलाल अग्रवाल उपस्थित रहे।
इस गरिमामई अवसर पर उपस्थित अतिथियों, छात्र-छात्राओं और विशाल जनसमूह ने इस वृहताकार रंगोली के चारों ओर एकत्र होकर एक विशाल ‘मानवचक्र’ का निर्माण किया। इस मानवचक्र के माध्यम से सभी ने ‘विकसित भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार करने तथा राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित रहने का सामूहिक ‘सेवा संकल्प’ लिया। इस दौरान पूरा महाविद्यालय परिसर गगनभेदी नारों और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आज का दिन देश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन यानी 07 अक्टूबर वर्ष 2000 को माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में लोक-सेवा का जो व्रत लिया था, उसने आज सफलता के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे कर लिए हैं। माननीय मंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के इसी सेवा भाव और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए उपस्थित जनसमूह को देश की प्रगति में अपनी भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महाविद्यालय परिवार की इस अनूठी और भव्य रचनात्मक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा सभी को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव, शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सिंह राणा, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र पटवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही जनभागीदारी समिति के समस्त सम्माननीय सदस्यगण, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ के समस्त पार्षदगण, जिला प्रशासन की ओर से पधारे सभी वरिष्ठ अधिकारीगण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समस्त पत्रकार बंधु, महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में प्रिय छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए आए हुए सभी अतिथियों और नागरिकों का हृदय से आभार एवं हार्दिक अभिनंदन व्यक्त किया।
उल्लेखनीय है कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत रंगोली राष्ट्र/ भारत मंडला का आयोजन प्रथम चरण में एमसीबी जिले के प्रत्येक शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में किया गया। द्वितीय चरण में इसका आयोजन विकासखंड स्तर पर हुआ, जिसमें रंगोली राष्ट्र का आकार ’17×17′ फीट का निर्मित किया गया। आज तृतीय चरण में जिला स्तरीय आयोजन शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ।
राजेश सिन्हा 8319654988
