एमसीबी जिले में विकास कार्यों की समीक्षा में लापरवाही उजागर, मनेंद्रगढ़ नगर पालिका को कारण बताओ नोटिस
संपादक-राजेश सिन्हा
मनेंद्रगढ़। राज्य शहरी विकास अभिकरण, छत्तीसगढ़ ने मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में राज्य प्रवर्तित योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति को लेकर गंभीर नाराजगी जताई है। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन एवं स्वीकृत कार्यों की जानकारी पोर्टल पर अद्यतन नहीं मिलने के बाद नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कारण बताओ सूचना जारी किया गया है। विभाग ने तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
राज्य शहरी विकास अभिकरण, छत्तीसगढ़ के कार्यालय से 5 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2024-25 तक स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान कई कमियां सामने आई हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर निकाय में कुछ स्वीकृत कार्य निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी पूर्ण नहीं किए गए हैं। इसके अलावा, दो कार्यों की निर्माण संबंधी प्रगति पोर्टल पर अद्यतन नहीं की गई है। विभाग ने इसे शासन के निर्देशों के पालन और कार्यों की निगरानी में लापरवाही के रूप में लिया है।
तीन दिन में मांगा जवाब
राज्य शहरी विकास अभिकरण ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ को निर्देशित किया है कि संबंधित निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और निर्माणाधीन कार्यों के संबंध में स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की जा सकती है। संबंधित अधिकारी को पत्र प्राप्त होने के तीन दिवस के भीतर पोर्टल पर जानकारी अद्यतन कर कार्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अब नगर पालिका की जवाबदेही पर नजर
इस नोटिस के सामने आने के बाद नगर पालिका में स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण में देरी और ऑनलाइन जानकारी अद्यतन करने की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि नगर पालिका प्रशासन विभाग को क्या जवाब देता है और संबंधित कार्यों को पूरा करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)


