37 महीने से बंद थी वृद्धावस्था पेंशन, पार्षद राहुल पटेल की पहल से बुजुर्ग बसमतिया के खाते में आए ₹18,500
90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को मिली बड़ी राहत, आधार और बैंक खाते की त्रुटि बनी थी पेंशन में बाधा
चिरमिरी/एमसीबी। जनसेवा का संकल्प जब जमीन पर उतरता है, तो जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लौट आती है। ऐसा ही एक सराहनीय उदाहरण नगरपालिक निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 34 में देखने को मिला, जहां पार्षद राहुल भाई पटेल के प्रयासों से आमनाला निवासी 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला बसमतिया को 37 महीने से रुकी वृद्धावस्था पेंशन की राशि एकमुश्त ₹18,500 प्राप्त हुई। लंबे समय से पेंशन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानियों का सामना कर रही बुजुर्ग महिला के लिए यह राशि बड़ी राहत बनकर आई है।
बैंक खाते में नाम की त्रुटि बनी पेंशन में बाधा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग बसमतिया के बैंक खाते में नाम की वर्तनी संबंधी त्रुटि होने के कारण उनकी वृद्धावस्था पेंशन बंद हो गई थी। इस तकनीकी समस्या के चलते उन्हें लगातार 37 महीने तक पेंशन की राशि नहीं मिल सकी। उम्र के इस पड़ाव पर नियमित आर्थिक सहायता नहीं मिलने से उन्हें दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की जानकारी मिलने पर वार्ड क्रमांक 34 के पार्षद राहुल भाई पटेल ने मामले को गंभीरता से लिया और बुजुर्ग महिला की पेंशन दोबारा शुरू कराने के लिए पहल की। उन्होंने सबसे पहले बैंक पहुंचकर खाते में दर्ज त्रुटि को सुधारने का प्रयास किया, लेकिन वहां समस्या का समाधान नहीं हो सका।
इसके बाद पार्षद ने हार नहीं मानी। उन्होंने बसमतिया के आधार कार्ड में आवश्यक सुधार करवाने, नया बैंक खाता खुलवाने और पेंशन योजना में नए खाते का विवरण दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया।
37 महीने की पेंशन एकमुश्त खाते में पहुंची
लगातार प्रयासों और आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आखिरकार बुजुर्ग महिला को राहत मिली। उनकी 37 महीने से लंबित वृद्धावस्था पेंशन की कुल ₹18,500 की राशि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की कुरासिया शाखा के माध्यम से उनके बैंक खाते में जमा हुई।
इस पूरी प्रक्रिया में बैंक के शाखा प्रबंधक अभिषेक कुमार का विशेष सहयोग रहा। वहीं, निगम प्रशासन ने भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग प्रदान किया।
राशि मिलने पर बुजुर्ग महिला के चेहरे पर लौटी मुस्कान
लंबे इंतजार के बाद पेंशन की राशि मिलने से 90 वर्षीय बसमतिया ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस राशि से उन्हें अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। बुजुर्ग महिला ने सहयोग के लिए पार्षद राहुल भाई पटेल के प्रति आभार जताया।
वहीं, वार्डवासियों ने भी एक बुजुर्ग महिला की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान कराने के लिए पार्षद के प्रयासों की सराहना की।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता : राहुल पटेल
इस संबंध में पार्षद राहुल भाई पटेल ने कहा कि जरूरतमंदों, बुजुर्गों और असहाय लोगों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना चाहिए। किसी भी बुजुर्ग को छोटी-सी तकनीकी या दस्तावेजी त्रुटि के कारण उसके अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए।उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करते रहने की बात कही।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
