भारत माता वाहिनी योजना के तहत महाविद्यालय में नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प
एमसीबी।शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘शराब व्यसन मुक्ति अभियान- भारत माता वाहिनी योजना’ के अंतर्गत एक दिवसीय नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सुशील कुमार तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शराब का व्यसन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इससे परिवार की सुख-शांति, आर्थिक स्थिति और सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। नशे की लत अनेक सामाजिक समस्याओं को जन्म देती है, इसलिए इसके विरुद्ध सामूहिक जागरूकता और जनभागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत माता वाहिनी योजना का प्रमुख उद्देश्य महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से समाज में नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता उत्पन्न करना तथा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सहयोग देना है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती ने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा पीढ़ी नशामुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की आधारशिला है। विद्यार्थियों में जागरूकता, आत्मानुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करके नशे की प्रवृत्ति पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने, अपने साथियों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रो. चक्रवर्ती ने उपस्थित अधिकारियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को नशा न करने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. रश्मि तिवारी, भीमसेन भगत, डॉ नसीमा बेगम अंसारी, श्रीमती अनुपा तिग्गा, श्री सुनील गुप्ता, श्री कमलेश पटेल, अतिथि व्याख्याता पुष्पराज सिंह, रामनिवास गुप्ता, डॉ. रिंकी तिवारी, प्रकाश दास मानिकपुरी कार्यालय स्टॉफ मनीष श्रीवास्तव, बी. एल. शुक्ला, सुनीत जॉनसन बड़ा, मीना त्रिपाठी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजन की सह-प्रभारी डॉ. नसीमा बेगम अंसारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन आयोजन प्रभारी भीमसेन भगत ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
