मनेंद्रगढ़ में “एमसीबी ग्रैंड गरबा” का दूसरा दिन, सैकड़ों प्रतिभागियों ने गरबा की धुन पर किया धमाल
कैट के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर की कार्यक्रम की शुरुआत, रंग-बिरंगे परिधानों में सजी बेटियों ने बिखेरी छटा
मनेंद्रगढ़, एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर माता रानी की भक्ति और गरबा का उत्साह चरम पर है। शहर के हाई स्कूल ग्रा
उंड में आयोजित एमसीबी ग्रैंड गरबा के दूसरे दिन सैकड़ों की संख्या में प्रतिभागी पहुंचे। धार्मिक गीतों और गरबा की मधुर धुन पर बेटियों, महिलाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य किया। पूरे मैदान में भक्ति, संगीत और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत मनेंद्रगढ़ के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद गरबा का आयोजन शुरू हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजी बेटियों ने बांधा समां
एमसीबी ग्रैंड गरबा के दूसरे दिन हाई स्कूल ग्राउंड में उत्सव का रंग देखते ही बन रहा था। पारंपरिक परिधानों में सजी बेटियों और महिलाओं ने गरबा की धुन पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
धार्मिक गीतों की गूंज, तालियों की थाप और गरबा के पारंपरिक अंदाज ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। माता रानी की आराधना के साथ सभी ने नवरात्रि पर्व की खुशियां साझा कीं।
आस्था, संस्कृति और उत्साह का संगम बना गरबा
नवरात्रि के दौरान गरबा केवल एक नृत्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक भी है। मनेंद्रगढ़ में आयोजित एमसीबी ग्रैंड गरबा में महिलाओं, बेटियों और बच्चों की भागीदारी ने इस सांस्कृतिक उत्सव को खास बना दिया।
तीन दिवसीय गरबा आयोजन के दूसरे दिन भी प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गरबा की धुन पर थिरकते प्रतिभागियों और माता रानी के जयकारों के बीच पूरा हाई स्कूल ग्राउंड उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। मनेंद्रगढ़ में एमसीबी ग्रैंड गरबा के आयोजन से नवरात्रि की रौनक और बढ़ गई है। भक्ति, संगीत और पारंपरिक नृत्य के इस संगम में शहरवासी उत्साहपूर्वक शामिल होकर पर्व की खुशियां मना रहे हैं।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
मनेंद्रगढ़, जिला एमसीबी, छत्तीसगढ़

