धान खरीदी में प्रदेशव्यापी घोटाले के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस का प्रतीकात्मक विरोध
भाजपा सरकार चूहों के नाम पर कर रही किसानों से लूट – ‘चूहा पकड़ने की जाली’ भेंट कर जताया आक्रोश
मनेंद्रगढ़। प्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यकाल में धान खरीदी केंद्रों पर धान के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। “धान को चूहों से नुकसान” का बहाना बनाकर किसानों की उपज में मनमानी कटौती कर उनके हक पर डाका डाला जा रहा है। पूरे प्रदेश के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों से एक जैसी शिकायतें सामने आना यह सिद्ध करता है कि यह कोई अलग-थलग मामला नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और संगठित घोटाला है, जिसे भाजपा सरकार का संरक्षण प्राप्त है।
इसी प्रदेशव्यापी धान खरीदी घोटाले के विरोध में शुक्रवार को चैनपुर धान खरीदी केंद्र में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समिति प्रबंधक को “चूहा पकड़ने की जाली” भेंट कर यह संदेश दिया कि यदि वास्तव में धान चूहों से खराब हो रहा है तो पहले चूहों को पकड़ा जाए, न कि चूहों के नाम पर किसानों की मेहनत की कमाई लूटी जाए।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर धान उपजाता है, लेकिन खरीदी केंद्रों में चूहों के नाम पर भ्रष्टाचार कर किसानों के धान को खाया जा रहा है। किसानों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। यह प्रशासनिक लापरवाही नहीं बल्कि भाजपा सरकार के संरक्षण में चल रहा सीधा भ्रष्टाचार है। कांग्रेस किसानों के सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने देगी।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं। धान खरीदी में हो रही अनियमितताएं यह साबित करती हैं कि सरकार किसानों के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुकी है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक जैसी गड़बड़ियां सामने आना यह दर्शाता है कि यह योजनाबद्ध घोटाला है, जिसमें असली दोषियों को बचाने के लिए चूहों को बदनाम किया जा रहा है।
पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है। किसानों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि धान खरीदी में हो रहे भ्रष्टाचार पर तत्काल रोक नहीं लगी और किसानों को उनका पूरा भुगतान नहीं मिला, तो कांग्रेस इस आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देगी।
जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी ने कहा कि किसानों के साथ हो रहे इस अन्याय से उनके परिवारों की महिलाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार केसरवानी, पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस हाफिज मेमन, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रूमा चटर्जी, जिला अध्यक्ष आदिवासी कांग्रेस अमोल सिंह, मंडलम अध्यक्ष अमीर सिंह श्याम, दीपक श्रीवास्तव, अभय बड़ा, पार्षद अजय जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा, रंजन शर्मा, अनिल केरकेट्टा, स्नेहिल शुक्ला, नाहर सिंह, पूनम सिंह, गीतिका चंदेल, मोहानी महतों, ममता रजक, शिवम सिंह, मोती सिंह, गोपाल गुप्ता सहित बड़ी संख्या में किसान, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया कि किसानों के हितों की यह लड़ाई अब सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी।
राजेश सिन्हा 8319654988
