नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान, संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान
जनकपुर एमसीबी।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटाडोल के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान में जनकपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुलाब कमरो तथा विशिष्ट अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह की मौजूदगी में नव नियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमाला और गमछा पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनहित और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर काम करती आई है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद जरूरी है।
उन्होंने नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों, संगठनात्मक नीतियों और सौंपे गए दायित्वों के प्रभावी निर्वहन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों से कहा गया कि वे पार्टी की विचारधारा के अनुरूप कार्य करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जनकपुर के अध्यक्ष अंकुर प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटाडोल के अध्यक्ष रामू सिंह, जिला अध्यक्ष किसान कांग्रेस उपेंद्र द्विवेदी सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
राजेश सिन्हा,8319654988
