सरगुजा ओलम्पिक 2026: अंबिकापुर में खेल प्रतिभाओं का महासंगम, एमसीबी के 311 खिलाड़ी रवाना
एमसीबी।सरगुजा संभाग में खेल प्रतिभाओं के सबसे बड़े महापर्व “सरगुजा ओलम्पिक 2026” का भव्य आयोजन 21 से 23 मार्च तक अंबिकापुर में होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में संभाग के सभी छह जिलों के खिलाड़ी अपने हुनर, जोश और जज्बे का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देती है, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम भी बन रही है।
एमसीबी जिले से इस बार 311 खिलाड़ियों का मजबूत दल विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा लेने के लिए अंबिकापुर रवाना हुआ है। इसमें भरतपुर विकासखंड से 34, खड़गवां से 125 और मनेन्द्रगढ़ विकासखंड से 152 खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों के दल को जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल के नेतृत्व में उत्साहपूर्ण माहौल में रवाना किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए उनके बेहतर प्रदर्शन और सफलता की कामना की गई।
जिले के खेल प्रेमियों और प्रशासन को उम्मीद है कि एमसीबी के खिलाड़ी इस संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। साथ ही, भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे।
सरगुजा ओलम्पिक जैसे आयोजन युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988

