रेलवे समपार फाटक सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, आईटीआई प्रशिक्षुओं को दी गई जानकारी
बंद रेलवे फाटक पार न करने की दी सलाह, गेटमैनों की भी हुई काउंसिलिंग
मनेंद्रगढ़। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सेफ्टी विभाग द्वारा सोमवार 08 जून 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मनेंद्रगढ़, लालपुर जिला एमसीबी में रेलवे समपार फाटक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं को रेलवे समपार फाटक को सुरक्षित रूप से पार करने के नियमों एवं सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान प्रशिक्षुओं को बताया गया कि समपार फाटक पार करते समय सदैव निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें, बंद फाटक को किसी भी स्थिति में पार करने का प्रयास न करें तथा रेलवे द्वारा लगाए गए चेतावनी संकेतों का पालन करें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं एवं संस्थान के प्रशिक्षकों को “समपार सुरक्षा शपथ” भी दिलाई गई।
इसके अलावा रेलवे अधिकारियों द्वारा उदलकछार स्टेशन के वेस्ट एंड स्थित समपार क्रमांक AB-27 तथा दर्रीटोला-डोमन हिल के मध्य स्थित समपार क्रमांक TGH-02 पर भी आम नागरिकों को सुरक्षित रूप से रेलवे फाटक पार करने के संबंध में जागरूक किया गया। लोगों को सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा ड्यूटी पर तैनात गेटमैनों की भी काउंसिलिंग की गई।
जागरूकता अभियान में सेफ्टी विभाग से सेफ्टी काउंसलर बिजुरी अमित चौरसिया, इलेक्ट्रिक (ओपी) बिजुरी से मुख्य लोको निरीक्षक आर. एस. ठाकुर तथा रेलवे सुरक्षा बल मनेंद्रगढ़ से सहायक उप निरीक्षक के. एस. सरोज शामिल रहे।
रेलवे अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि समपार फाटक पार करते समय जल्दबाजी न करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए सभी निर्धारित नियमों का पालन करें।
राजेश सिन्हा,8319654988
