संविदा भर्तियों में अनियमितताओं पर पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भेजा पुनः स्मरण पत्र
पूर्व की शिकायत 10 माह बीत जाने के बाद भी कोई सख्त कार्रवाई नहीं।
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB)।पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव (महिला एवं बाल विकास विभाग) तथा कलेक्टर, एमसीबी को पुनः स्मरण पत्र भेजकर तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यकाल में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हुई संविदा भर्तियों में गंभीर अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
उन्होंने शिकायत एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने, संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को निरस्त कर पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पुनः भर्ती कराने तथा दोषी पाए जाने वाले तत्कालीन नियुक्तिकर्ता अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक एवं दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
पूर्व विधायक ने जिन भर्तियों की जांच की मांग की है, उनमें मिशन वात्सल्य अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड एवं बाल कल्याण समिति की संविदा भर्ती, मिशन वात्सल्य के तहत चाइल्ड हेल्पलाइन की राज्य एवं जिला स्तरीय संविदा भर्ती, मिशन शक्ति अंतर्गत महिला सशक्तिकरण केंद्र के संचालन हेतु हुई संविदा भर्ती, महिला संरक्षण अधिकारी की संविदा नियुक्ति तथा सखी वन स्टॉप सेंटर के संचालन के लिए सेवा प्रदाताओं की भर्ती शामिल हैं।
गुलाब कमरो ने कहा कि शिकायत किए लगभग 10 माह बीत जाने के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने प्रशासन से भर्ती प्रक्रिया में की गई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित दोषियों पर शीघ्र सख्त कार्रवाई की जाने तथा संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं नियमों के अनुरूप पुनः संपन्न कराये जाने की मांग की है।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
