गुरु रविदास महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएगा भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’
विधायक भूलन सिंह मरावी व जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने रखे अभियान के उद्देश्य
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत सोमवार को मनेंद्रगढ़ स्थित गोंडवाना भवन, इमली गोलाई (कोल्ड स्टोर के समीप, डोमनापारा) में जिला स्तरीय कार्यशाला के उपरांत प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में प्रदेश संगठन द्वारा नियुक्त मुख्य वक्ता एवं विधायक भूलन सिंह मरावी तथा भाजपा एमसीबी जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
मुख्य वक्ता विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता, मानवता और भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में “समरसता संकल्प अभियान” चला रही है। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए समतामूलक और समरस समाज के निर्माण का संकल्प लिया जाएगा।
भाजपा एमसीबी जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा और समानता का मार्ग दिखाया। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का व्यापक जनअभियान है।
प्रेस वार्ता के दौरान बताया गया कि समरसता संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठियां, सामाजिक संवाद, जनजागरण कार्यक्रम तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों के साथ संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गुरु रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रत्येक बूथ और प्रत्येक समाज तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामाजिक समरसता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। गुरु रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समतामूलक और विकसित भारत का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द, समान अवसर और आपसी भाईचारे की भावना ही भारत की वास्तविक पहचान है।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
