श्रावण के प्रथम सोमवार से पहले हसदैव गंगा तट पर चला स्वच्छता अभियान, व्यवस्थाओं का लिया गया जायजा
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़। आगामी पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार से आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में परम सिद्ध हसदैव गंगा तट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त नाली निर्माण कार्य का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रथम सोमवार से पहले सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हसदैव गंगा तट पहुंचते हैं। इसे देखते हुए साफ-सफाई, जल निकासी, आवागमन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा जी, पार्षद स्वप्निल सिन्हा, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
